अरे तुम बच्चा है… चलो बैठो हल्ला मत करो… विधानसभा में नीतीश कुमार ने तेजस्वी को लगाई जोरदार फटकार

राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान गुरुवार को बिहार विधानसभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को आड़े हाथों लिया. उनके बोलने के दौरान विपक्ष के बार बार के टोकाटोकी पर नीतीश ने तेजस्वी यादव को कहा, अरे तुम बच्चा है.

तुम्हारा बाप मेरे समय का ना है. बैठो बैठो. अरे उसकी शादी भी बाद में हुआ था. चलो बैठो हल्ला मत करो.उन्होंने राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलते हुए अपनी सरकार की उपलब्धियां बताई. इसमें वर्ष 2005 के बाद से बिहार में आये बदलाव का जिक्र किया. इसी दौरान नीतीश कुमार ने वर्ष 2015 में राजद के साथ और तेजस्वी यादव को उप मुख्यमंत्री बनाकर किए गए काम की चर्चा की. इसमें उन्होंने बताया कि कैसे तेजस्वी पहले बेहतर काम कर रहे थे लेकिन बाद में वे इधर-उधर करने लगे.इसी दौरान तेजस्वी की टोकाटोकी पर भड़कते हुए नीतीश कुमार ने कहा बैठो… अरे बैठो. वे यहीं नहीं रुके. उन्होंने तेजस्वी के सामने कहा कि आपने छह आदमी (विधायक) को इधर- उधर करने के लिए कितना पैसा दिया था? तेजस्वी पर सीएम नीतीश ने आरोप लगाया कि उनकी सरकार को अस्थिर करने के लिए साजिश रची गई थी. इसमें तेजस्वी यादव द्वारा छह विधायकों को तोड़ने की तैयारी थी.

इसके पहले राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान गुरुवार को बिहार विधानसभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जोरदार तरीके से नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर भड़के. तेजस्वी यादव ने जब धन्यवाद प्रस्ताव पर अपनी बातें रखी, उसके बाद उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने वाद-विवाद में अपनी बातें रखीं. उनके बाद सीतामढ़ी के विधायक सुनील कुमार पिंटू जब अपनी बातें रख रहे थे तब विपक्ष की टोकाटोकी शुरू हो गई.सुनील कुमार पिंटू ने बताया कि नीतीश कुमार के सुशासन का ही नतीजा है कि लालू यादव पटना के मरीन ड्राइव पर जाकर घूमते हैं. वहीं तेजस्वी यादव विदेश जाते हैं. उनकी इन बातों को लेकर विपक्ष खासकर राजद सदस्यों ने बीच में बोलना शुरू कर दिया. स्पीकर प्रेम कुमार के बार बार टोकने के बाद भी विपक्ष का टोकाटोकी जारी रहा. इससे सदन में दोनों ओर से तीखी नोकझोंक भी होते रही.

इसी बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी अचानक से अपनी जगह से उठ खड़े हुए. उन्होंने विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सुनिए कि बिहार में क्या क्या विकास हुआ है. इस दौरान वे विपक्ष पर काफी भड़के नजर आये. यहां तक कि तेजस्वी यादव को भी वे अपनी जगह से ही बोलते दिखे कि कैसे बिहार के विकास के कारण आज उनकी सरकार फिर से आई है. नीतीश कुमार के इस आक्रामक रुख के बाद स्पीकर ने भी सदन के सदस्यों को सख्त चेतावनी दी कि कोई भी अपनी जगह पर बिना अनुमति के नहीं बोलें. इससे कुछ समय के लिए सदन में तनातनी देखि गई.

Ms News Center

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!